गुना लूटकांड: शरीर में टांके होने के बावजूद 17 लाख की लूट, पुलिस ने 18 घंटे में किया खुलासा

मध्य प्रदेश के गुना शहर में धनिया व्यापारी के सहयोगी से दिनदहाड़े 17 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुना लूटकांड: शरीर में टांके होने के बावजूद 17 लाख की लूट, पुलिस ने 18 घंटे में किया खुलासा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गुना: मध्य प्रदेश के गुना शहर में धनिया व्यापारी के सहयोगी से दिनदहाड़े 17 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों में से एक अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम भी बरामद की गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी थीं।

आंखों में मिर्च झोंककर लूटा था कैश से भरा बैग: जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बीकानेर निवासी वासुदेव शर्मा कुंभराज के एक धनिया व्यापारी के सहयोगी हैं। मंगलवार को उन्होंने पचोर क्षेत्र से व्यापारियों से भुगतान एकत्र किया था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह लगभग 17 लाख रुपये नकद लेकर कुंभराज के लिए निकले थे।

जब वह गुना के पायगा मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर के सामने पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। वासुदेव के संभलने से पहले ही आरोपी रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी: पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी आरोन के जंगलों के रास्ते भोपाल की ओर भागे थे। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने भोपाल से दो आरोपियों—राघव शर्मा और सौरभ यादव—को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरा आरोपी रूद्र गोस्वामी, जो आरोन का रहने वाला है, अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

ऑपरेशन के बाद भी की वारदात: पूछताछ के दौरान पुलिस को एक चौंकाने वाली जानकारी मिली। गिरफ्तार आरोपी राघव शर्मा का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था और उसके शरीर में अब भी टांके लगे हुए थे। इसके बावजूद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इतनी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।

आईजी ने घोषित किया था 30 हजार रुपये का इनाम : घटना की गंभीरता को देखते हुए गुना दौरे पर मौजूद आईजी अरविंद सक्सेना ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। एसपी हितिका वासल के नेतृत्व में गठित छह पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस कर रही आगे की जांच: फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूट में इस्तेमाल किए गए वाहन, घटना की पूरी साजिश तथा फरार आरोपी के ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।